E-20 पेट्रोल के विरोध में PM आवास जाएंगे केजरीवाल, केंद्र सरकार पर लगाए गंभीर आरोप
Newswave Desk: आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने E-20 पेट्रोल का विरोध करते हुए केंद्र सरकार पर कई आरोप लगाए हैं. उन्होंने कहा कि वह मंगलवार को 100 लोगों के साथ प्रधानमंत्री आवास तक पैदल मार्च करेंगे और E-20 पेट्रोल के खिलाफ दो लाख लोगों के हस्ताक्षर वाली ऑनलाइन याचिका प्रधानमंत्री को सौंपेंगे. इस दौरान उन्होंने कई मुद्दों पर अपनी प्रतिक्रिया भी दी.
ई-20 पेट्रोल पर सरकार को घेरा
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि केंद्र सरकार लोगों पर जबरदस्ती ई-20 पेट्रोल लागू कर रही है, जबकि इससे जुड़े सवालों का जवाब नहीं दे रही. उनका दावा है कि ई-20 पेट्रोल से लोगों के वाहनों का माइलेज कम हो रहा है और कई गाड़ियां खराब भी हो रही हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अमेरिका के दबाव में E-20 पेट्रोल लागू कर रही है. उनके मुताबिक, अमेरिका एथेनॉल का बड़ा उत्पादक है और भारत-अमेरिका ट्रेड डील के तहत अगले पांच साल में भारत को बड़े पैमाने पर एथेनॉल की आपूर्ति की जा सकती है.
अपशब्द बोलने वाली लड़की का किया समर्थन
जंतर-मंतर पर प्रधानमंत्री के खिलाफ अपशब्द कहने वाली लड़की के मामले में भी केजरीवाल ने उसका समर्थन किया. उन्होंने कहा कि लड़की को परेशान किया जा रहा है और उससे जबरन माफी मांगने के वीडियो बनवाए जा रहे हैं. उन्होंने कहा कि वह उसके साथ खड़े हैं.
बृजभूषण सिंह के बरी होने पर जताई नाराजगी
बृजभूषण सिंह के बरी होने के सवाल पर केजरीवाल ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है. उनका कहना था कि मामले में सबूत मौजूद थे, फिर भी वह बरी हो गए. हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि उन्होंने अभी अदालत का आदेश नहीं देखा है और उसे पढ़ने के बाद ही इस पर विस्तार से कुछ कहेंगे.
दिल्ली सरकार की लक्ष्मी योजना और पंजाब सरकार की महिलाओं के लिए चलाई जा रही योजना पर पूछे गए सवाल के जवाब में केजरीवाल ने कहा कि पंजाब में महिलाओं पर किसी तरह की कोई सीमा नहीं है. अगर किसी परिवार में चार महिलाएं हैं, तो सभी चारों को योजना का लाभ मिलेगा.