Giridih: 15वें वित्त आयोग के तहत संचालित विकास योजनाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनियमितता या अपारदर्शिता बर्दाश्त नहीं की जाएगी. DC रामनिवास यादव ने स्पष्ट कहा कि गड़बड़ी मिलने पर संबंधित पदाधिकारियों और कर्मियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी.
प्रखंडवार योजनाओं की समीक्षा
शनिवार को समाहरणालय सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में गिरिडीह, गांडेय, डुमरी, बगोदर, धनवार, जमुआ और गावां प्रखंडों में चल रही योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई. बैठक में जिला परिषद अध्यक्ष, उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी और पंचायत प्रतिनिधि मौजूद रहे.
गुणवत्ता और पारदर्शिता पर जोर
DC ने कहा कि 15वें वित्त आयोग की योजनाओं का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करना है. सभी योजनाओं का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और पारदर्शी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए. पंचायत सचिवों और कनीय अभियंताओं को निर्धारित मानकों के अनुसार कार्य पूरा करने का निर्देश दिया गया.
लंबित योजनाएं जल्द पूरी करने का निर्देश
DC ने BDO को लंबित योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने, नियमित मॉनिटरिंग करने और गुणवत्ता की जांच सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि योजनाओं का लाभ समय पर ग्रामीणों तक पहुंचना चाहिए.
ALSO READ: रांची को मिला नया सिविल सर्जन, डॉ. अमरेंद्र प्रसाद को मिली अहम जिम्मेदारी