सरायकेला: DC ने किया उर्वरक दुकानों का निरीक्षण, तय दर पर खाद उपलब्ध कराने और ऑनलाइन एंट्री के निर्देश
Seraikela:उपायुक्त सह जिला दण्डाधिकारी नितिश कुमार सिंह के निर्देश पर जिला कृषि पदाधिकारी रोशन नीलकमल ने खरसावाँ और कुचाई प्रखंड क्षेत्र में संचालित विभिन्न उर्वरक दुकानों का निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान उर्वरकों की उपलब्धता, स्टॉक पंजी, विक्रय अभिलेख, पीओएस मशीन के माध्यम से की जा रही ऑनलाइन प्रविष्टि, मूल्य सूची के प्रदर्शन तथा अन्य आवश्यक अभिलेखों की जांच की गई. निरीक्षण के क्रम में कुचाई प्रखंड क्षेत्र की कुछ उर्वरक दुकानें बंद पाई गईं. इस पर संबंधित दुकानदारों को निर्देश दिया गया कि बिना उचित कारण दुकान बंद न रखें और किसानों की आवश्यकता को देखते हुए नियमित रूप से दुकान का संचालन सुनिश्चित करें.
निर्धारित सब्सिडी दर पर उर्वरक उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें
जिला कृषि पदाधिकारी ने सभी उर्वरक विक्रेताओं को निर्देश दिया कि किसानों को सरकार द्वारा निर्धारित सब्सिडी दर पर उर्वरक उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें. प्रत्येक बिक्री की ऑनलाइन प्रविष्टि पीओएस मशीन के माध्यम से अनिवार्य रूप से करें. निर्धारित दर से अधिक मूल्य की वसूली नहीं करें. स्टॉक और विक्रय अभिलेख अद्यतन रखें तथा दुकान में स्टॉक और मूल्य सूची का स्पष्ट प्रदर्शन करें.
किसानों को समय पर उर्वरक उपलब्ध कराया जाए
उन्होंने कहा कि किसानों को समय पर उर्वरक उपलब्ध कराया जाए और किसी भी प्रकार की कृत्रिम कमी या अनियमितता उत्पन्न न होने दी जाए. साथ ही स्पष्ट किया कि उर्वरक वितरण से संबंधित प्रावधानों का उल्लंघन, अनावश्यक रूप से दुकान बंद रखना अथवा किसी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित उर्वरक विक्रेता के विरुद्ध उर्वरक नियंत्रण आदेश एवं प्रचलित नियमों के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी. निरीक्षण के दौरान कृषि निरीक्षक मधुसुधन कुमार सिन्हा भी उपस्थित रहे.
ALSO READ: रांची को मिला नया सिविल सर्जन, डॉ. अमरेंद्र प्रसाद को मिली अहम जिम्मेदारी