Ranchi: NEET रिजल्ट विवाद मामले में आज मंगलवार को झारखंड हाई कोर्ट में सुनवाई हुई. सुनवाई के दौरान NTA ने कोर्ट में छात्र लक्ष्य सिंह की ओरिजिनल OMR शीट पेश की. ओरिजिनल OMR शीट के आधार पर अभ्यर्थी द्वारा दी गयी जानकारी गलत पाई गयी. छात्र ने OMR की कार्बन कॉपी में छेड़छाड़ की थी. अदालत ने याचिका वापस लेने के आधार पर उसे खारिज कर दिया.
क्या है मामला?
यह मामला NEET-UG के परीक्षार्थी लक्ष्य सिंह (रोल नंबर- 2603107066) से जुड़ा है, जिन्होंने 21 जून को रांची केंद्र पर आयोजित NEET-UG की दोबारा परीक्षा (Re-test) दी थी. छात्र के अनुसार, NTA द्वारा रिस्पॉन्स-की चैलेंज विंडो के दौरान अपलोड की गई स्कैन OMR शीट और रिकॉर्डेड रिस्पॉन्स के आधार पर उसे 720 में से 660 अंक मिलने चाहिए थे. इसमें फिजिक्स में 145, केमिस्ट्री में 164 और बायोलॉजी में 351 अंक शामिल थे. जब 16 जुलाई को NTA ने अंतिम परिणाम घोषित किया, तो छात्र का स्कोरकार्ड महज 116 अंक दर्शा रहा था. इस भारी अंतर को देखते हुए छात्र ने हाई कोर्ट में रिट याचिका दायर की थी.