NewsWave Desk: थाईलैंड के फुकेट से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI2379 उड़ान के दौरान भीषण टर्बुलेंस की चपेट में आ गई. तेज झटकों के कारण विमान में अफरा-तफरी मच गई और करीब 12 यात्री घायल हो गए. कुछ यात्रियों को कान, गर्दन और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं.
300 फीट नीचे आई फ्लाइट
टर्बुलेंस के दौरान विमान अपने निर्धारित एल्टीट्यूड से करीब 300 फीट नीचे आ गया. यात्रियों ने बताया कि लैंडिंग से पहले विमान अचानक तेजी से नीचे आने लगा और जोरदार हिचकोले खाने लगा, जिससे कई लोग घबरा गए और विमान में चीख-पुकार मच गई.
सुरक्षित हुई लैंडिंग
एयर इंडिया ने पुष्टि की कि फ्लाइट को कुछ समय के लिए टर्बुलेंस का सामना करना पड़ा था. हालांकि, विमान दिल्ली में सुरक्षित उतरा और सभी यात्री तथा क्रू सदस्य सुरक्षित बाहर निकल आए. जिन यात्रियों और क्रू सदस्यों को मामूली चोटें आईं, उन्हें एहतियात के तौर पर एयरपोर्ट के मेडिकल सेंटर में जांच और उपचार उपलब्ध कराया गया.
एयर इंडिया का बयान
एयर इंडिया ने कहा कि यात्रियों और क्रू की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है. कंपनी प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता दे रही है और मामले की जांच में संबंधित एजेंसियों के साथ पूरा सहयोग कर रही है.
क्या होता है टर्बुलेंस?
टर्बुलेंस तब होता है जब हवा का प्रवाह अचानक अस्थिर और अनियमित हो जाता है. इसकी वजह मौसम में बदलाव, जेट स्ट्रीम, पहाड़ी क्षेत्र, गरज-चमक वाले बादल या दूसरे विमान से बनने वाली एयर वेव हो सकती है. आधुनिक विमान ऐसे झटकों को सहन करने के लिए डिजाइन किए जाते हैं, लेकिन इस दौरान सीट बेल्ट न पहनने पर चोट लगने का खतरा बढ़ जाता है.