SBI की ग्राहकों से अपील, बैंक हड़ताल से पहले पूरे कर लें जरूरी काम
Ranchi News: देशव्यापी बैंक हड़ताल के संभावित असर को देखते हुए भारतीय स्टेट बैंक (SBI) ने अपने ग्राहकों के लिए एडवाइजरी जारी की है। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) ने 28 से 30 सितंबर तक तीन दिवसीय राष्ट्रव्यापी हड़ताल का आह्वान किया है। इसे देखते हुए SBI ने ग्राहकों से जरूरी बैंकिंग कार्य पहले ही पूरा करने की अपील की है।
बैंक ने बताया कि हड़ताल के दौरान आवश्यक बैंकिंग सेवाओं को जारी रखने के लिए प्रयास किए जाएंगे, लेकिन शाखाओं में होने वाले सामान्य कामकाज पर इसका असर पड़ सकता है। ऐसे में ग्राहकों को सलाह दी गई है कि वे शाखा से संबंधित महत्वपूर्ण अथवा लंबित कार्य हड़ताल शुरू होने से पहले निपटा लें।
SBI ने नकद जरूरतों के लिए ग्राहकों को ATM और Automated Deposit and Withdrawal Machines (ADWM) जैसी वैकल्पिक सुविधाओं का इस्तेमाल करने की सलाह दी है। बैंक का कहना है कि डिजिटल और स्वचालित बैंकिंग माध्यमों के अधिक इस्तेमाल से ग्राहकों को संभावित असुविधा से बचने में मदद मिल सकती है।