Ranchi: राजधानी रांची के सबसे पुराने और प्रमुख कारोबारी क्षेत्र अपर बाजार के पुनर्विकास को लेकर गुरुवार को अहम बैठक आयोजित की गई. रांची नगर निगम, झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स, ट्रेड यूनियन और व्यापारियों के प्रतिनिधियों के बीच हुई इस बैठक में इलाके को आधुनिक, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने को लेकर विस्तार से चर्चा हुई.
608 दुकानों के सर्वे में मिली कई अनियमितताएं
नगर आयुक्त सुशांत गौरव की अध्यक्षता में हुई बैठक में बताया गया कि नगर निगम ने अपनी करीब 4.39 एकड़ जमीन पर बनी 608 दुकानों का सर्वे कराया है. सर्वे के दौरान कई अनियमितताएं सामने आई हैं. जांच में पाया गया कि करीब 180 दुकानें मूल आवंटनधारियों की जगह दूसरे लोग या उनके रिश्तेदार चला रहे हैं. वहीं करीब 30 दुकानों के अवैध हस्तांतरण के मामले भी सामने आए हैं. इसके अलावा बिना अनुमति पक्का और बहुमंजिला निर्माण तथा कई दुकानों पर वर्षों से किराया बकाया होने की जानकारी मिली है.
व्यापारियों के हित सुरक्षित रखने का भरोसा
नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि सर्वे का उद्देश्य व्यापारियों को डराना नहीं, बल्कि वास्तविक स्थिति सामने लाना है, ताकि पुनर्विकास की योजना पारदर्शी तरीके से तैयार की जा सके. उन्होंने कहा कि नियमों का पालन करने वाले व्यापारियों के हितों का पूरा ध्यान रखा जाएगा. वहीं सरकारी संपत्ति से जुड़ी अनियमितताओं पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.
व्यापारियों ने रखीं अपनी समस्याएं
बैठक में व्यापारियों ने पार्किंग व्यवस्था, ट्रैफिक समस्या, जर्जर इमारतों, अग्नि सुरक्षा, स्वामित्व और व्यापार से जुड़ी अन्य समस्याओं को रखा. नगर निगम अधिकारियों ने व्यापारियों को भरोसा दिलाया कि सभी सुझावों पर गंभीरता से विचार किया जाएगा.
7 दिनों में देने होंगे लिखित सुझाव
बैठक में निर्णय लिया गया कि झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स और व्यापारी संगठन 7 दिनों के भीतर अपर बाजार के पुनर्विकास को लेकर अपने लिखित सुझाव नगर निगम को सौंपेंगे. वहीं नगर निगम बिहारी धर्मशाला में विशेष शिविर लगाकर 31 मार्च 2026 तक के बकाया किराये की वसूली करेगा. इसके बाद प्राप्त सुझावों और उपलब्ध रिकॉर्ड के आधार पर अपर बाजार के पुनर्विकास की विस्तृत योजना तैयार की जाएगी.
अपर बाजार को आधुनिक व्यावसायिक केंद्र बनाने की तैयारी
नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने कहा कि अपर बाजार रांची की पहचान है. इसे आधुनिक और व्यवस्थित बनाने का काम व्यापारियों के सहयोग और आपसी संवाद से ही पूरा किया जाएगा. उन्होंने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य केवल कार्रवाई करना नहीं, बल्कि आने वाले वर्षों के लिए अपर बाजार को बेहतर, सुरक्षित और सुविधाजनक व्यावसायिक केंद्र बनाना है.
ALSO READ: रांची में वोटर लिस्ट का ड्राफ्ट जारी, नाम जोड़ने और सुधार का मिला मौका