Ranchi: आदिवासी महोत्सव-2026 के सफल आयोजन को लेकर राज्य सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं. बुधवार को अपर मुख्य सचिव वंदना दादेल ने मोरहाबादी मैदान पहुंचकर आयोजन स्थल का निरीक्षण किया और सभी व्यवस्थाओं की समीक्षा की. निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि महोत्सव की सभी तैयारियां तय समय के भीतर और बेहतर गुणवत्ता के साथ पूरी की जाएं. उन्होंने कहा कि आयोजन में आने वाले लोगों को किसी तरह की असुविधा नहीं होनी चाहिए और हर व्यवस्था पहले से दुरुस्त रहे.
निरीक्षण के दौरान कई विभागों के अधिकारी रहे मौजूद
अपर मुख्य सचिव ने सुरक्षा व्यवस्था, स्वच्छता, पेयजल, बिजली, यातायात और पार्किंग की तैयारियों का विशेष रूप से जायजा लिया. साथ ही मंच निर्माण, प्रदर्शनी स्टॉल और भीड़ प्रबंधन की व्यवस्था की भी समीक्षा की. उन्होंने सभी संबंधित विभागों और एजेंसियों को आपसी समन्वय के साथ काम करने का निर्देश देते हुए कहा कि आदिवासी महोत्सव झारखंड की सांस्कृतिक पहचान का बड़ा आयोजन है, इसलिए इसकी हर व्यवस्था व्यवस्थित और प्रभावी होनी चाहिए.
निरीक्षण के दौरान कल्याण आयुक्त कुलदीप चौधरी, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के विशेष सचिव राजीव लोचन बक्शी, रांची DC मंजूनाथ भजन्त्री, टीआरआई निदेशक आलोक एस. कच्छप, नगर पुलिस अधीक्षक पाग्य राणा समेत कई विभागों के अधिकारी मौजूद रहे.