Lohardaga: श्रावण मास की पहली सोमवारी पर सोमवार को पूरा लोहरदगा भगवान भोलेनाथ की भक्ति में सराबोर नजर आया. जिलेभर में “ओम नमः शिवाय” और “हर-हर महादेव” के गगनभेदी जयघोष से वातावरण भक्तिमय हो उठा. सुबह ब्रह्ममुहूर्त से ही शहर और ग्रामीण क्षेत्रों के शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक, दुग्धाभिषेक एवं विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना की.

सावन की पहली सोमवारी को लेकर जिले के प्रसिद्ध एवं ऐतिहासिक खखपरता शिवधाम में सबसे अधिक भीड़ देखने को मिली. यहां तड़के सुबह से ही श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया था. इसके अलावा सेन्हा प्रखंड के चंदवा गढ़ गांव स्थित शिव गुफा, भंडरा के अखिलेश्वर शिवधाम, कुडू के महादेव मंडा, नगर क्षेत्र के बुढ़वा महादेव मंदिर, मनोकामना सिद्ध दुर्गा मंदिर, दुर्गा बाड़ी, पावरगंज देवी मंदिर, ठकुराइन मंदिर, छतर बगीचा स्थित स्वयंभू शिव मंदिर तथा ईस्ट गोला रोड शिव मंदिर सहित जिले के सभी प्रमुख शिवालयों में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं.
श्रद्धालुओं को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध

शिवभक्तों ने स्नान-ध्यान के बाद भगवान भोलेनाथ को गंगाजल, जल, दूध, दही, शहद एवं पंचामृत से अभिषेक किया. साथ ही बेलपत्र, धतूरा, भांग, आक के पुष्प, फल एवं अन्य पूजन सामग्री अर्पित कर अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति की प्रार्थना की. मंदिरों में रुद्राभिषेक, शिव चालीसा पाठ, महामृत्युंजय मंत्र के जाप तथा भजन-कीर्तन का आयोजन हुआ, जिससे पूरा वातावरण शिवमय बना रहा. महिलाओं ने अखंड सौभाग्य एवं परिवार की खुशहाली की कामना की, जबकि युवाओं और बच्चों ने भी पूरे उत्साह के साथ भगवान शिव की आराधना में भाग लिया. कई मंदिरों में श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण किया गया तथा स्वयंसेवकों ने कतार व्यवस्था, पेयजल एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराईं.
भीड़ के नियंत्रण के लिए पुलिस बल तैनात

सावन की पहली सोमवारी को लेकर जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह मुस्तैद रहा. प्रमुख मंदिरों में सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए थे. भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस बल की तैनाती की गई, जिससे श्रद्धालुओं ने शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से भगवान भोलेनाथ के दर्शन एवं पूजा-अर्चना की.धार्मिक मान्यता है कि सावन माह में भगवान शिव की सच्चे मन से आराधना करने और जलाभिषेक करने से सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं तथा जीवन के दुख-दर्द दूर होते हैं. इसी अटूट आस्था के साथ जिलेभर के हजारों श्रद्धालुओं ने पहली सोमवारी पर भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद प्राप्त किया.श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के इस अनुपम संगम ने सावन की पहली सोमवारी को लोहरदगा को पूरी तरह शिवमय बना दिया. दिनभर मंदिरों में गूंजते “हर-हर महादेव” और “बोल बम” के जयघोष ने पूरे जिले को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया.
ALSO READ : बाबूलाल मरांडी की शराब घोटाला मामले वाली PIL पर हाईकोर्ट में सुनवाई, IA स्वीकार, कोई अंतरिम आदेश नहीं