Lohardaga: झारखंड राज्यस्तरीय कराटे प्रतियोगिता में लोहरदगा जिले के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम पूरे राज्य में रोशन किया है. 1 एवं 2 अगस्त 2026 को पलामू जिले के डाल्टनगंज स्थित जिला विद्यालय में आयोजित इस प्रतियोगिता में लोहरदगा के 16 खिलाड़ियों ने भाग लिया और कुल 5 स्वर्ण, 12 रजत एवं 11 कांस्य सहित कुल 28 पदक जीतकर जिले को उपविजेता का गौरव दिलाया.
जिले का मान बढ़ाया
प्रतियोगिता में लोहरदगा जिले के विभिन्न प्रखंडों से खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया. सेंहा प्रखंड से 2, भंडरा से 3, लोहरदगा सदर से 2, कुड़ू से 4 तथा कैरो प्रखंड से 7 खिलाड़ी प्रतियोगिता में शामिल हुए. सभी खिलाड़ियों ने अनुशासित एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विभिन्न आयु एवं भार वर्गों में पदक जीतकर जिले का मान बढ़ाया. स्वर्ण पदक विजेताओं में अंजली कुमारी, अनिषा उरांव और सुहाना परवीन ने एक-एक स्वर्ण एवं एक-एक रजत पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया. वहीं पंचम उरांव ने एक स्वर्ण एवं एक कांस्य पदक अपने नाम किया, जबकि कीर्ति टोप्पो ने एक स्वर्ण पदक जीतकर जिले की उपलब्धि में महत्वपूर्ण योगदान दिया. रजत पदक विजेताओं में सुनील कुमार, विष्णु कुमार एवं पूजा कुमारी ने दो-दो रजत पदक जीतकर अपनी क्षमता का परिचय दिया. वहीं सानवी, शिवानी, आरती एवं सिमरन ने एक-एक रजत एवं एक-एक कांस्य पदक हासिल कर जिले के पदक तालिका में महत्वपूर्ण योगदान दिया.
कराटे सहित अन्य खेलों में भी नई ऊंचाइयों को छुएगा
कांस्य पदक जीतने वाले खिलाड़ियों में शृष्टि कुमारी एवं रोशनी कुमारी ने दो-दो कांस्य पदक अपने नाम किए, जबकि श्वेता एवं पिंकी कुमारी ने एक-एक कांस्य पदक जीतकर प्रतियोगिता में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई. प्रतियोगिता के समापन समारोह में पलामू के एसडीओ एवं पलामू जिला कराटे संघ के अध्यक्ष जितेंद्र झा ने लोहरदगा टीम के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की. उन्होंने टीम के मुख्य कोच अमित कुमार सिंह एवं कराटे प्रशिक्षिका आकृति लोहरा को स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया. साथ ही लोहरदगा जिले को उपविजेता ट्रॉफी देकर खिलाड़ियों के उत्साहवर्धन किया. मुख्य कोच अमित कुमार सिंह ने बताया कि राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पदक विजेताओं का चयन राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए किया जाएगा. उन्होंने कहा कि यदि खिलाड़ियों को निरंतर प्रशिक्षण, संसाधन और प्रशासनिक सहयोग मिलता रहा तो आने वाले समय में लोहरदगा के खिलाड़ी राष्ट्रीय ही नहीं बल्कि अंतरराष्ट्रीय मंच पर भी जिले और राज्य का नाम रोशन करेंगे. उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत, अभिभावकों के सहयोग तथा प्रशिक्षकों के समर्पण को दिया. उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद खिलाड़ियों ने जिस लगन और अनुशासन के साथ अभ्यास किया, उसी का परिणाम है कि लोहरदगा राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में उपविजेता बनने में सफल रहा. लोहरदगा टीम की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर जिला प्रशासन, खेल प्रेमियों, सामाजिक संगठनों एवं जिलेवासियों ने सभी खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों एवं उनके अभिभावकों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है. खिलाड़ियों की इस सफलता से जिले में खेलों के प्रति नया उत्साह देखने को मिल रहा है और उम्मीद जताई जा रही है कि आने वाले वर्षों में लोहरदगा कराटे सहित अन्य खेलों में भी नई ऊंचाइयों को छुएगा.