Ranchi: झारखंड में प्रतियोगी परीक्षाओं में हुई कथित अनियमितताओं और धांधली के खिलाफ अपराध अनुसंधान विभाग (CID) की कार्रवाई लगातार तेज होती जा रही है. CID थाना कांड संख्या 16/2026 के तहत दर्ज मामले के अनुसंधान के दौरान रोज नए और चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं. इस मामले में अब तक 19 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है. जांच के क्रम में CID के हाथ एक बेहद अहम और हैरान करने वाला तथ्य लगा है. मामले के मुख्य अभियुक्त अभय तिवारी ने पिछले 13 वर्षों के दौरान राज्य और केंद्र स्तर की कई बड़ी प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त की है. एक के बाद एक कई कठिन परीक्षाओं में मिली इस सफलता ने जांच एजेंसियों का ध्यान अपनी ओर खींचा है. अब सवाल यह उठ रहा है कि क्या अभय तिवारी वास्तव में मेधावी छात्र था या उसकी इस लगातार सफलता के पीछे किसी संगठित परीक्षा गिरोह और धांधली का हाथ था?
क्या यह प्रतिभा थी या सोची-समझी धांधली?
13 साल की अवधि में भाभा एटॉमिक रिसर्च सेंटर जैसी प्रतिष्ठित केंद्रीय संस्था से लेकर राज्य पुलिस सेवा और JPSC जैसी राज्य की सर्वोच्च नागरिक सेवा परीक्षाओं के पीटी और लिखित चरणों को क्रैक करना सामान्य परिस्थिति में असाधारण मेधा का संकेत माना जाता है. हालांकि, JPSC परीक्षा गड़बड़ी मामले में मुख्य अभियुक्त के रूप में नाम सामने आने के बाद जांच एजेंसियां इस कोण पर गहनता से जांच कर रही हैं, कि क्या उसने अपनी कथित सफलता का इस्तेमाल परीक्षाओं में सेटिंग और धांधली के नेटवर्क को मजबूत करने के लिए किया. CID के अधिकारियों का मानना है कि इन सभी परीक्षाओं के सत्यापन से न केवल अभय तिवारी के वास्तविक बैकग्राउंड का पता चलेगा, बल्कि यह भी स्पष्ट होगा कि क्या राज्य में प्रतियोगी परीक्षाओं में धांधली का कोई बड़ा अंतर्राज्यीय सिंडिकेट सक्रिय था. आने वाले दिनों में इस मामले में कई अन्य रसूखदारों और फर्जीवाड़े से जुड़े अन्य चेहरों पर भी शिकंजा कसने की संभावना है.
CID कर रही सभी परीक्षाओं के सत्यापन की तैयारी
अभय तिवारी की संदिग्ध शैक्षणिक सफलता और प्रतियोगी परीक्षाओं के ट्रैक रिकॉर्ड को देखते हुए CID ने उसकी उम्मीदवारी और परिणामों के सत्यापन की प्रक्रिया शुरू कर दी है. CID संबंधित विभागों और चयन आयोगों को पत्र भेजकर अभय तिवारी के रोल नंबर, उत्तर पुस्तिकाओं और परीक्षा केंद्रों से जुड़े दस्तावेजों का सत्यापन कराएगी.
संदेह के घेरे में आई अभय तिवारी की सफलताओं की सूची
जांच के दौरान अभय तिवारी द्वारा उत्तीर्ण की गई जिन प्रमुख परीक्षाओं का ब्योरा सामने आया है, उनमें शामिल हैं-
- वर्ष 2013: भारतीय नौसेना में SSR पद की लिखित परीक्षा
- वर्ष 2014: भाभा एटॉमिक रिसर्च सेंटर में सहायक पद की लिखित परीक्षा
- वर्ष 2014: नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड की पीटी परीक्षा
- वर्ष 2018: झारखंड सब इंस्पेक्टर (दरोगा) लिखित परीक्षा
- वर्ष 2018: CRPF हेड कांस्टेबल लिखित एवं टाइपिंग परीक्षा
- अन्य राज्यस्तरीय परीक्षा: IRB कांस्टेबल लिखित परीक्षा
- JSSC परीक्षाएं: पीजीटी शिक्षक एवं सीजीएल परीक्षाएं
- विशेष सेवा परीक्षाएं: ACF, FRO और FSO परीक्षाएं
- JPSC परीक्षा: 11वीं-13वीं JPSC प्रारंभिक परीक्षा
यह भी पढ़ें: हजारीबाग में युवक की हत्या, आपसी रंजिश में वारदात, आरोपी गिरफ्तार