Giridih: उपायुक्त रामनिवास यादव ने शनिवार को गांडेय प्रखंड स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय का निरीक्षण कर विद्यालय की शैक्षणिक, आवासीय एवं आधारभूत व्यवस्थाओं का जायजा लिया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने कक्षाओं, छात्रावास, किचेन, पेयजल, शौचालय और विद्यालय परिसर की साफ-सफाई सहित विभिन्न व्यवस्थाओं की बारीकी से जांच की.
उपायुक्त ने कक्षाओं में पहुंचकर विद्यार्थियों से उनकी पढ़ाई, पाठ्यक्रम की प्रगति और आगामी परीक्षाओं की तैयारियों के बारे में जानकारी ली. उन्होंने बच्चों से विद्यालय में मिल रही सुविधाओं और पढ़ाई के दौरान आने वाली समस्याओं के संबंध में भी बातचीत की. शिक्षकों से विद्यार्थियों के शैक्षणिक प्रदर्शन एवं विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी लेते हुए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया.
छात्रावास, भोजन और आधारभूत सुविधाओं का किया निरीक्षण
निरीक्षण के दौरान DC ने छात्रावास के कमरों का भी जायजा लिया. उन्होंने बच्चों के रहने की व्यवस्था, स्वच्छता, पेयजल, शौचालय और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं की स्थिति देखी. उन्होंने विद्यालय प्रबंधन को छात्रावास परिसर में साफ-सफाई एवं रखरखाव बेहतर रखने तथा बच्चों को स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराने का निर्देश दिया.
इसके बाद उपायुक्त ने किचेन शेड और भोजन व्यवस्था का निरीक्षण किया. उन्होंने बच्चों को उपलब्ध कराए जा रहे भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता और पोषण संबंधी मानकों की जानकारी ली. उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि भोजन की गुणवत्ता और स्वच्छता में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए तथा विद्यार्थियों को पौष्टिक एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराया जाए.
उपायुक्त ने विद्यालय परिसर की साफ-सफाई, पेयजल व्यवस्था, शौचालय एवं अन्य आधारभूत संरचनाओं का भी निरीक्षण किया. साथ ही उपस्थिति पंजी, सामग्री पंजी समेत विभिन्न अभिलेखों की जांच कर आवश्यक जानकारी प्राप्त की.
विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर दिया जोर
इस दौरान DC ने कहा कि नवोदय विद्यालय में पढ़ने वाले बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ बेहतर आवासीय सुविधा, पौष्टिक भोजन और स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराना प्राथमिकता है. उन्होंने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ उनके स्वास्थ्य, स्वच्छता, अनुशासन तथा मानसिक और बौद्धिक विकास पर भी ध्यान देना जरूरी है.
उन्होंने विद्यालय प्रबंधन एवं संबंधित अधिकारियों को विद्यार्थियों की समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ त्वरित समाधान करने और विद्यालय की व्यवस्थाओं का नियमित अनुश्रवण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. मौके पर सहायक समाहर्ता यश कुमार सहित विद्यालय प्रबंधन के पदाधिकारी, कर्मी एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे.