Bermo: बेरमो अनुमंडल अंतर्गत नावाडीह थाना क्षेत्र के नावाडीह-मुंगोरंगामाटी मुख्य पथ पर बस्तेजिया और कुकरलिलवा के बीच खेत में धान की रोपाई करने जा रहे एक ही परिवार के लोगों पर एक सनकी युवक ने बुधवार की सुबह 8 बजे कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ हमला कर दिया. इस घटना में नावाडीह निवासी 70 वर्षीय जानकी महतो, उनकी 62 वर्षीया पत्नी सुगिया देवी और उनकी बहु गोरी देवी (45 वर्ष, पति कोलेश्वर महतो) की बेरहमी से हत्या कर दी गई.
आरोपी से पूछताछ कर रही पुलिस
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपी ने सबसे पहले वृद्ध महिला पर कुल्हाड़ी से हमला किया. उन्हें बचाने पहुंचे उनके पति जानकी महतो पर भी उसने ताबड़तोड़ वार किए. इसके बाद बहू पर भी कुल्हाड़ी से हमला कर दिया. मौके पर ही तीनों की मौत हो गई. वहीं, कुल्हाड़ी लेकर दौड़ रहे राजू सिंह को देखकर लोग दहशत में आ गए. कोई उसे रोकने की हिम्मत नहीं जुटा पाया. घटना की सूचना मिलते ही नावाडीह थाना प्रभारी अमित कुमार सोनी, ASI मिथिलेश सिंह और विमल कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या के आरोपी बस्तेजिया निवासी राजू सिंह (40 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया गया. साथ ही वारदात में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी भी जब्त कर ली गई. तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. गिरफ्तार किए गए आरोपी से पूछताछ जारी है.
आरोपी का चल रहा इलाज
पुलिस के मुताबिक, हत्या के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है. स्थानीय लोगों का दावा है कि आरोपी का व्यवहार लंबे समय से असामान्य था. आरोप है कि उसने कुछ दिन पहले अपनी पत्नी के साथ भी मारपीट की थी, जिसके बाद उसका इलाज चल रहा है. घटना के बाद गांव और आसपास के इलाके में तनाव का माहौल है. इस घटना को लेकर विधायक जयराम महतो ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए दोषी के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है. उन्होंने पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि मामले की निष्पक्ष और त्वरित जांच कर दोषी को सख्त सजा दिलाई जानी चाहिए.
मौके पर पहुंचे थे कई जनप्रतिनिधि
सुबह सवेरे हुई इस तिहरे हत्याकांड की खबर से क्षेत्र में सनसनी फैल गई और देखते ही देखते आसपास के दर्जनों गांवों के ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई. घटना की सूचना पाकर झामुमो के युवा नेता अखिलेश महतो उर्फ राजू, नावाडीह मुखिया किरण देवी, पंसस निर्मल महतो, सांसद प्रतिनिधि जयलाल महतो , सुरेश महतो, भाजपा नेता दशरथ महतो और विधायक प्रतिनिधि संदीप झारखंडी समेत कई गणमान्य लोग मौके पर पहुंचे तथा शोकाकुल परिजनों को ढांढ़स बंधाया. फिलहाल पुलिस मामले की जांच और आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है.
यह भी पढ़ें: बिना कानूनी अधिकार के तोड़ दिया गया था दूकान, HC ने दिया 5.25 लाख मुआवजा; चतरा DC को दी जिम्मेदारी