बांग्लादेश : हिंदू संत चिन्मय कृष्ण दास को दो मामलों में मिली जमानत
NewsWave Desk : बांग्लदेश से भारत को एक राहत भरी खबर मिली है. जिसके तहत बांग्लादेश हाईकोर्ट ने हिंदू संत चिन्मय कृष्ण दास को उनके खिलाफ दर्ज चार मामलों में से दो मामलों में जमानत दे दी है. चिन्मय कृष्ण दास के वकील अपूर्व कुमार भट्टाचार्य ने बताया कि जिन मामलों में उन्हें जमानत मिली है, उनमें हत्या की कोशिश, सरकारी काम में बाधा डालने, तोड़फोड़ और अन्य आरोप शामिल थे. दो जजों की बेंच ने यह आदेश दिया. वहीं बाकी दो मामलों में दाखिल जमानत याचिकाओं पर सुनवाई के लिए अदालत ने 16 अगस्त की तारीख तय की.
2024 में ढाका एयरपोर्ट से किया गया था गिरफ्तार
चिन्मय कृष्ण दास पहली बार नवंबर 2024 में चर्चा में आए थे. उन्हें 25 नवंबर 2024 को ढाका एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया गया था. उन पर बांग्लादेश के राष्ट्रीय ध्वज के अपमान का आरोप लगा था. उनकी गिरफ्तारी के बाद उनके समर्थकों ने कई जगह विरोध प्रदर्शन किए थे. चट्टोग्राम अदालत परिसर के बाहर 27 नवंबर को प्रदर्शन के दौरान हालात तनावपूर्ण हो गए थे. इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़प भी हुई थी. चिन्मय दास अल्पसंख्यकों की सुरक्षा के लिए विशेष कानून बनाने, अल्पसंख्यकों पर अत्याचार के मामलों की सुनवाई के लिए विशेष ट्रिब्यूनल गठित करने और अल्पसंख्यक मामलों के लिए अलग मंत्रालय बनाने जैसी मांगें भी उठाई थीं.
ALSO READ : झारखंड मौसम: 6 अगस्त तक भारी बारिश का अलर्ट, रांची समेत कई जिलों में वज्रपात और तेज हवा की चेतावनी