Lohardaga : 16वीं झारखंड स्टेट शूटिंग चैंपियनशिप-2026 में लोहरदगा जिला राइफल एसोसिएशन के प्रतिभावान निशानेबाज और बी.एस. कॉलेज के छात्र सैफ अख्तर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए. 22 50 मीटर फ्री पिस्टल स्पर्धा में स्वर्ण पदक (Gold Medal) हासिल कर लोहरदगा का नाम रोशन किया है. उनकी इस उपलब्धि से लोहरदगा जिला राइफल एसोसिएशन सहित खेलप्रेमियों में खुशी की लहर है.
झारखंड के विभिन्न जिलों से प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा
29 जुलाई से 1 अगस्त 2026 तक झारखण्ड स्टेट राइफल एसोसिएशन द्वारा पश्चिम बंगाल आसनसोल में आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में झारखंड के विभिन्न जिलों से प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया. सैफ अख्तर ने अपनी शानदार निशानेबाजी, एकाग्रता और निरंतर अभ्यास के दम पर बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया. सैफ अख्तर की इस सफलता में उनके कोच सैयद अंसूब अयूब के कुशल मार्गदर्शन और प्रशिक्षण की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही. सैफ की उपलब्धि पर लोहरदगा जिला राइफल एसोसिएशन ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें और उनके कोच को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं.
सैफ अख्तर को बधाई देते हुए कहा
लोहरदगा जिला राइफल एसोसिएशन के अध्यक्ष और पूर्व सांसद धीरज प्रसाद साहू ने सैफ अख्तर को बधाई देते हुए कहा कि युवा प्रतिभाओं की सफलता से लोहरदगा का मान बढ़ रहा है. राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक हासिल करना जिले के लिए गौरव की बात है। सैफ ने अपनी मेहनत, लगन, अनुशासन और प्रतिभा के दम पर यह सफलता हासिल की है। उन्होंने कहा कि जिले के युवाओं में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है और उन्हें उचित अवसर एवं मार्गदर्शन मिलने पर वे राष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान बना सकते हैं.
सैफ अख्तर को शानदार सफलता
वहीं, लोहरदगा जिला राइफल एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष निशिथ जायसवाल ने भी सैफ अख्तर को शानदार सफलता के लिए बधाई देते हुए कहा कि उनकी यह उपलब्धि जिले के अन्य युवा निशानेबाजों के लिए प्रेरणादायक है. उन्होंने सैफ के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उम्मीद जताई कि वह आने वाले समय में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी बेहतर प्रदर्शन कर लोहरदगा और झारखंड का नाम रोशन करेंगे. लोहरदगा जिला राइफल एसोसिएशन ने सैफ अख्तर के साथ उनके कोच सैयद अंसूब अयूब को भी बधाई दी और कहा कि खिलाड़ियों की मेहनत और प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन से लोहरदगा में निशानेबाजी के क्षेत्र में नई प्रतिभाएं सामने आ रही हैं. सैफ अख्तर की यह स्वर्णिम उपलब्धि जिले के लिए गौरव के साथ-साथ युवा खिलाड़ियों के लिए एक नई प्रेरणा है.
Also Read : भारत ने जैवलिन में गाड़ा झंडा, नीरज चोपड़ा और यशवीर सिंह ने जीते दो मेडल