25 सितंबर से खादगढ़ा बस टर्मिनल में टोल वसूली शुरू करेगा नगर निगम
Ranchi News: राजधानी रांची के खादगढ़ा बस टर्मिनल में 25 सितंबर से नगर निगम द्वारा टोल वसूली की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इसके लिए नगर निगम ने कर्मचारियों की ड्यूटी शिफ्ट और राजस्व संग्रहण की व्यवस्था तय कर दी है। टर्मिनल के प्रवेश और निकास द्वार से गुजरने वाले वाहनों से निर्धारित दर के अनुसार शुल्क लिया जाएगा।
नगर निगम के निर्धारित रोस्टर के मुताबिक टोल वसूली के लिए दो शिफ्ट में कर्मचारियों की तैनाती होगी। पहली शिफ्ट सुबह 4 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी शिफ्ट दोपहर 12 बजे से रात 8 बजे तक चलेगी। वाहन से शुल्क प्राप्त करने के बाद चालक को नगर निगम की ओर से अधिकृत रसीद उपलब्ध कराई जाएगी।
अधिकृत कर्मचारी ही करेंगे टोल की वसूली
नगर निगम के अपर नगर आयुक्त ने राजस्व वसूली में लगाए गए कर्मचारियों को ड्यूटी के दौरान निगम द्वारा जारी अधिकृत पहचान-पत्र पहनना अनिवार्य किया है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया है कि खादगढ़ा बस टर्मिनल में टोल वसूली का कार्य केवल नगर निगम के अधिकृत कर्मचारी ही करेंगे।
वसूली प्रक्रिया में किसी बाहरी अथवा निजी व्यक्ति को शामिल नहीं किया जाएगा। इससे टोल संग्रहण की प्रक्रिया को निर्धारित नियमों के अनुरूप संचालित करने और राजस्व वसूली में पारदर्शिता बनाए रखने पर जोर दिया गया है।
लापरवाही पर कार्रवाई के निर्देश
इस संबंध में हुई बैठक में अधिकारियों और कर्मचारियों को राजस्व संग्रहण की पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता बरतने तथा निर्धारित नियमों का पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। अधिकारियों को यह भी स्पष्ट किया गया कि टोल वसूली के दौरान किसी प्रकार की लापरवाही या कार्य में शिथिलता सामने आने पर संबंधित कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में नगर प्रबंधक, सैनिटरी सुपरवाइजर, राजस्व निरीक्षक, परिसंपत्ति अधीक्षक सहित नगर निगम के अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।