Ranchi: झारखंड विधानसभा का मानसून सत्र आज 6 अगस्त से शुरू हो रहा है. इस बार का मानसून सत्र काफी हंगामेदार हो सकता है. 12 अगस्त तक चलने वाले इस सत्र में कुल पांच कार्य दिवस निर्धारित किए गए हैं. इस दौरान जेपीएससी और जेएसएससी की प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को मुद्दा जोर-शोर से उठने वाला है. खासकर विपक्ष परीक्षाओं में गड़बड़ी, राज्य की कानून-व्यवस्था, प्रशासनिक कार्यप्रणाली और युवाओं से जुड़े अन्य सवालों पर सरकार को घेर सकती है. वहीं, सत्ता पक्ष भी राष्ट्रीय स्तर पर चर्चित NEET पेपर लीक मामले को प्रमुखता से उठा सकता है. इसके अलावा, सत्ता पक्ष केंद्र सरकार द्वारा छात्रवृत्ति मद और जल जीवन मिशन की राशि जारी नहीं किए जाने का मुद्दा उठाते हुए भी विपक्ष पर पलटवार कर सकती है.
मानसून सत्र का संभावित कार्यक्रम
6 अगस्त: सत्र के पहले दिन यानी आज गुरुवार को शोक प्रकाश के अलावा सामान्य कामकाज निपटाए जाएंगे. राज्यपाल द्वारा स्वीकृत विधेयकों की जानकारी सदन को दी जाएगी.
7 अगस्त: पहली पाली में प्रश्नकाल. इसके बाद चालू वित्तीय वर्ष का पहला अनुपूरक बजट पेश किया जाएगा.
10 अगस्त: पहली पाली में प्रश्नकाल फिर दूसरी पाली में अनुपूरक बजट पर चर्चा की जाएगी. इसके बाद संबंधित विनियोग विधेयक पारित कराया जाएगा.
11 अगस्त: पहली पाली में प्रश्नकाल. दूसरी पाली में राजकीय विधेयक पेश किए जाएंगे.
12 अगस्त: पहली पाली में प्रश्नकाल. दूसरी पाली में राजकीय विधेयक और गैर सरकारी संकल्प पेश किए जाएंगे.
यह भी पढ़ें: चतरा में नवचयनित होमगार्ड अभ्यर्थियों से मेडिकल जांच के नाम पर वसूली, डॉक्टर और जवान पर FIR दर्ज