Giridih: झारखंड आंदोलन के प्रणेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री दिशोम गुरु शिबू सोरेन की प्रथम पुण्यतिथि के अवसर पर मंगलवार को गिरिडीह बस स्टैंड के समीप श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में झारखंड मुक्ति मोर्चा के जिला स्तरीय पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, समर्थकों तथा बड़ी संख्या में आम लोगों ने भाग लेकर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए.
योगदान अतुलनीय
इस अवसर पर शिबू सोरेन की प्रतिमा स्थापित किए जाने की मांग को लेकर भी कार्यक्रम आयोजित किया गया. उपस्थित लोगों ने कहा कि झारखंड राज्य के निर्माण और आदिवासी-मूलवासी समाज के अधिकारों की लड़ाई में शिबू सोरेन का योगदान अतुलनीय रहा है. ऐसे महान जननायक की प्रतिमा गिरिडीह में स्थापित होना उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी. कार्यक्रम में झारखंड सरकार के मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू मुख्य रूप से मौजूद रहे. अपने संबोधन के दौरान उन्होंने शिबू सोरेन के संघर्षपूर्ण जीवन, उनके आंदोलन और झारखंड के लिए दिए गए योगदान को याद किया. इस दौरान वे भावुक हो गए और भाषण देते-देते उनकी आंखें नम हो गईं. कुछ क्षणों के लिए वे अपने शब्द भी पूरे नहीं कर सके. उन्होंने कहा कि शिबू सोरेन केवल एक नेता नहीं, बल्कि झारखंड की पहचान और करोड़ों लोगों की उम्मीद थे. उनके दिखाए मार्ग पर चलना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी.