पूर्व सैन्य अधिकारी ने SC में दायर की याचिका, कहा – अपशब्द कहने वाले छात्रों को सुधरने का मौका दिया जायें
NewsWave Desk : वायु सेना के रिटायर अधिकारी ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की है. दायर याचिका में पूर्व अधिकारी ने जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने वाले युवाओं को सुधरने का मौका देने की मांग की है. अधिकारी ने कहा है कि इन बच्चों पर मुकदमा चलाने की बजाय उनसे 7 दिन की सामुदायिक सेवा करवाई जाए. याचिकाकर्ता के वकील ने चीफ जस्टिस सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली बेंच से मामले पर जल्द सुनवाई का अनुरोध किया है. इस मामले में सुप्रीम कोर्ट में पांच अगस्त को सुनवाई होगी. याचिकाकर्ता मनीष कुमार सोलंकी ने कहा कि प्रदर्शन के दौरान या सोशल मीडिया पर अपशब्दों का इस्तेमाल करने वाले नाबालिगों और पहली बार ऐसी गलती करने वाले युवाओं पर गैरजरूरी सख्ती नहीं होनी चाहिए. उन्हें अपनी गलती सुधारने और समाज के प्रति जिम्मेदारी का एहसास कराने का प्रयास होना चाहिए. 7 दिन की सामुदायिक सेवा इसमें मददगार हो सकती है.
युवाओं का भविष्य होगा खराब
याचिकाकर्ता की तरफ से वकील सैयद रिजवान अहमद ने कोर्ट से कहा कि ऐसे मामलों में आपराधिक मुकदमे युवाओं के भविष्य पर बुरा असर डाल सकते हैं. जिन लोगों ने हिंसा या तोड़फोड़ नहीं की है, उन पर मुकदमा चलाना सही नहीं होगा. उन्होंने यह अनुरोध भी किया कि इस तरह के मामलों के लिए पूरे देश के लिए एक समान नीति बनाई जाए. जिससे अलग-अलग राज्यों में कार्रवाई के अलग-अलग मानदंड न अपनाए जाएं.